छपरा, मई 19 -- बिहार में सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में सड़क दुघर्टना में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि केवरीकला गांव निवासी मोसाफिर राय की पत्नी कौशल्या देवी (56) सोमवार की देर रात को बाजार से दवा खरीदकर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान केवारीकला गांव के समीप अनियंत्रित मोटरसाइकिल सवार ने उसे टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कौशल्या देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।स्थानीय ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित