छपरा, मई 12 -- बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के ठेकहा गांव निवासी मृतका के चाचा संजय बीन ने थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्होंने अपनी भतीजी सुनीता देवी (32)का विवाह मुबारकपुर बिन्दटोली गोलापार गांव निवासी चंदन प्रसाद के साथ किया था। आवेदन में उन्होंने कहा है कि कुछ दिन पहले चंदन प्रसाद की एक बहन भाग गयी थी,जिसका दोषारोपण ससुराल वाले सुनीता देवी पर कर रहे थे। इस कारण सुनीता देवी कुछ दिन तक मायके में थी,जिसके बाद आपसी सहमति के बाद पुनः सुनीता देवी ससुराल में रह रही थी।आवेदन में यह भी कहा गया है कि सुनीता देवी के ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मृतका के पति चंदन प्रसाद को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित