छपरा , मार्च 02 -- बिहार के सारण जिले में रिविलगंज थाना की पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। पुलिस सूत्रों सोमवार को यहां बताया कि कटरा नेवाजी टोला दियारा क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक शव को देखकर इसकी सूचना दी।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पाकेट में मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान नगर थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर मोहल्ला निवासी राजा बांसफोड़ के पुत्र चंदन कुमार (30) के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है ।

सूत्रों ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उसका भाई पिछले दो दिनों से गायब था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। पुलिस ने मृतक के पास से एक मोबाइल फोन का चार्जर भी बरामद किया है। जबकि उसका मोबाइल फोन गायब पाया गया है।

पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित