छपरा , जून 07 -- बिहार में सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर कथित रूप से एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मिल्की गांव निवासी राजा ठाकुर की पत्नी खुशबू देवी (28) के मायके वालों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि लगभग छह वर्ष पूर्व खुशबू की शादी राजा ठाकुर से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।
सूत्रों ने बताया कि मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित