छपरा, मार्च 13 -- बिहार में सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की चाकू मार कर हत्या दी गई है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि खास गाइ टोला गांव निवासी मोहम्मद इदरीस का पुत्र सलीम (26) मढ़ौरा बाजार में एक श्रृंगार की दुकान में सेल्स मैन के रूप में काम करता था। गुरुवार की देर रात को पहुंचे कुछ अपराधियों ने उक्त दुकान पर बवाल करना शुरू कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने बीच बचाव करने पहुंचे सलीम के उपर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। जिसके बाद वहां मौजूद लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है ।पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उक्त क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित