छपरा , मई 16 -- बिहार में सारण जिले के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग पुलिस, महिला थाना पुलिस सहित अन्य थाना की पुलिस ने जिले में विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुप में छापेमारी कर 20 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले के सहाजितपुर, गौरा, जलालपुर, मढ़ौरा एवं बनियापुर थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा ग्रुप में छापेमारी की गई। इस दौरान नेपाल की 08, पश्चिम बंगाल की 04, झारखंड की 02, ओडिशा की 02, उत्तर प्रदेश, असम, बिहार और मध्य प्रदेश की 01-01 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।
सूत्रों ने बताया कि इस अभियान के दौरान जबरन आर्केस्ट्रा में काम कराने वाले कुल 11 आर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार किया गया है।उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित