बैतूल , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारणी थाना पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम छतरपुर में दबिश देकर 149 लीटर 160 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल और पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के निर्देश पर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और संग्रहण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन में सारणी पुलिस ने 11 सितंबर को ग्राम छतरपुर में कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी कुड्डो पति भूरे धुर्वे (50), निवासी ग्राम छतरपुर, के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की। इसमें बोल्ट कंपनी की तीन पेटी बीयर, लेमाउन्ट कंपनी की चार पेटी बीयर, ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की चार पेटी, बैगपाइपर व्हिस्की की दो पेटी और सफेद देशी प्लेन मदिरा की तीन पेटियां शामिल हैं। कुल 149 लीटर 160 मिलीलीटर शराब जब्त की गई। मामले में सारणी थाने में अपराध क्रमांक 325/26 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक मामले का अन्य आरोपी मुकेश पिता बलमू धुर्वे, निवासी ग्राम छतरपुर, रात का फायदा उठाकर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कार्पियो से मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रेस नोट के अनुसार मुकेश पूर्व में अवैध शराब बिक्री, अवैध कोयला परिवहन तथा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने आमजन से अवैध शराब की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित