बैतूल , जून 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र के बेलोण्ड घाट में राहगीरों से लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पाथाखेड़ा निवासी फरहान अंसारी ने 25 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात वह अपने दोस्तों सागर नागले और प्रेम गुजरे के साथ मुलताई से शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। बेलोण्ड घाट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनसे 4,800 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सारणी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र उर्फ भोला कवडे, अमन कवडे, आकाश सलाम, राहुल उइके और विजेंद्र उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीन मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा एक चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित