बैतूल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 80 हजार रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया है। मामले में एक आरोपी फरार बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी सारणी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में बगडोना हवाई पट्टी के पास घेराबंदी कर बगडोना बस्ती निवासी 38 वर्षीय बबलू धुर्वे को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी सरवन परते जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने बबलू के कब्जे से 2.908 किलोग्राम गांजा बरामद किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने राखड़ डेम पार्किंग के पास से सारणी निवासी शेख फरीद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.875 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके और प्रीति पालेवार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित