बैतूल , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बालिकाओं को दस्तयाब कर लिया। एक मामले में पुलिस ने तकनीकी माध्यम से मिली लोकेशन के आधार पर चंद्रपुर पहुंचकर आरोपी को भी पकड़ लिया, जबकि दूसरे मामले में अपराध दर्ज होने के चार घंटे के भीतर नाबालिग को बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को एक महिला ने अपनी नाबालिग नातिन को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत सारणी थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी माध्यम से प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम चंद्रपुर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी को दस्तयाब कर लिया।
इसी तरह 25 अगस्त को एक अन्य महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपराध दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर नाबालिग को दस्तयाब कर लिया।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुशे और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में तकनीकी और मैदानी संसाधनों का उपयोग कर तत्काल पतारसी के निर्देश दिए गए हैं। दोनों प्रकरणों में पुलिस टीमों के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित