छपरा , मई 20 -- बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार को सारण जिले के मुख्यालय छपरा में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सभी 21 अंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मचारियों ने धरना दिया।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के सचिव अभिषेक सिंह और अध्यक्ष हरिहर मोहन के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में कर्मचारियों ने राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के लाल फीताशाही रवैये की आलोचना की और कहा कि राज्य सरकार उनके 15 सूत्री मांगो को मानने के बाद भी इस मामले में आगे की कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह मामले की लीपापोती में लगा हुआ है।
कर्मचारियों ने कहा कि राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी 15 सूत्री मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें, अन्यथा कर्मचारी संघ विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में तालाबंदी कर सभी तरह के कार्यों को ठप कर देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित