छपरा , फरवरी 06 -- बिहार में सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र में इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक परीक्षार्थी की मौत सड़क दुघर्टना में हो गई है, जबकि दूसरा परीक्षार्थी घायल हो गया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि रिविलगंज थाना क्षेत्र के ब्रह्मटोली गांव निवासी रामकुमार राय का पुत्र सचिन कुमार यादव उर्फ मुन्ना (18) अपने एक दोस्त रितेश कुमार राय के साथ गड़खा थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव स्थित एक परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान भैंसमारा गांव के समीप उसी गांव के कुछ अन्य परीक्षार्थियों ने पूर्व के विवाद में उसके साथ मारपीट शुरू कर दिया, जिससे बच कर मोटरसाइकिल से भाग रहे दोनों परीक्षार्थी सामने से आ रहे आटोरिक्शा से टकरा गये, जिसके कारण सचिन कुमार यादव उर्फ मुन्ना की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित