छपरा , जून 28 -- बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क दुघर्टना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसुआपुर थाना क्षेत्र के डोईला गांव निवासी मुस्लिम मियां ऊर्फ कल्लू मियां का पुत्र हुसैन अली (20) अपने मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान मशरक थाना क्षेत्र के सियरभुक्का गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में हुसैन अली की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल के चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया।

पुलिस घायलों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। पिकअप वैन चालक गाड़ी लेकर भाग निकला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित