छपरा , अप्रैल 26 -- बिहार में सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में छत का प्लास्टर कर रहे एक राजमिस्त्री की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी जीतन कुमार (25)असोंइया गांव में रूस्तम मियां के घर के छत का प्लास्टर कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्वचालित विधुत तार के सम्पर्क में आने तथा झटका लगने से वह छत से नीचे गिर गया।

इसके बाद गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए मढ़ौरा अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित