छपरा , मार्च 22 -- बिहार में सारण जिले के मकेर थाना की पुलिस ने विशेष अभियान दल (एसटीएफ) के सहयोग से लम्बे समय से वांछित एक नक्सली को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मकेर थाना और विशेष अभियान दल के द्वारा मकेर थाना कांड संख्या 50/16 से जुड़े अभियुक्त पंकज राय पानापुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार नक्सली पंकज राय पर कई गंभीर धाराओं में पूर्व से ही कई मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, साजिश, हथियार अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए जैसे संगीन मामले शामिल हैं। इसके अलावा उसका आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। पानापुर थाना में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आगजनी, लूटपाट और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन कर रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित