छपरा , मार्च 25 -- बिहार में सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात को एक निजी अस्पताल के कम्पाउन्डर ने अपने गले में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जयप्रकाश महिला महाविद्यालय के समीप स्थित आरआर पॉली क्लिनिक में गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र निवासी नागेन्द्र कुशवाहा का पुत्र कन्हैया कुमार(25) गत चार वर्ष से कम्पाउन्डर का काम करता था, जिसका शव उक्त निजी अस्पताल के निर्माणाधीन उपरी तल पर मिला है।
इस मामले में अस्पताल के संचालक ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि मंगलवार की रात कन्हैया अपने कमरे से लापता था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला तो सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें वह सीढ़ियों से छत की ओर जाते दिखाई दिया। जिसके बाद जब कार्यरत कर्मचारी छत पर पहुंचे तो वह बालू पर मृत अवस्था में मिला।
सूत्रों ने बताया कि मृतक ने अपने आत्महत्या के पहले सोशल मीडिया के फेसबुक पेज पर एक सुसाइड नोट पोस्ट किया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित