छपरा , मई 31 -- बिहार में सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहित की मौत बाद उसके मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अगौथर सुंदर गांव निवासी विकास कुमार की पत्नी पुष्पा कुमारी(22) के मायके वालों ने थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि पुष्पा कुमारी की शादी विगत 25 अप्रैल को विकास कुमार के साथ हुई थी। इस शादी के बाद ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग करते हुए पुष्पा को प्रताड़ित कर रहे थे।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि पुष्पा की मौत की खबर उसके ससुराल के पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से मायके वालों को दी थी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित