छपरा , मई 25 -- बिहार में सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गयी है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इसरौवापुर गांव निवासी अर्जुन राय की पत्नी प्रिया कुमारी(23) के भाई दिघवारा थाना क्षेत्र निवासी ने थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्होंने अपनी बहन की शादी अर्जुन राय से की थी। शादी के बाद ससुराल वाले प्रिया कुमारी को और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया करते थे। प्रिया कुमारी के ससुराल के पड़ोसियों ने मोबाइल फोन पर जानकारी दी कि प्रिया कुमारी की गला दबाकर हत्या करने के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतका के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित