छपरा , अप्रैल 23 -- बिहार में सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन फोरलेन पर अशोक पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक आग की चपेट में आ गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चलते वाहन से धुआं उठते ही अंदर बैठे यात्री डर गए और गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही दिघवारा थाना पुलिस फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक स्कार्पियो पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कॉर्पियो के टायर फटने के कारण आग लगने की बात सामने आई है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित