छपरा , मई 29 -- बिहार में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दिघवारा के अंचलाधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की है, वहीं बनियापुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सारण के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आज यहां बताया कि जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव लोक शिकायत के मामलों की सुनवाई कर रहे थे। सुनवाई के दौरान यह जानकारी मिली कि दिघवारा के अंचलाधिकारी ने राई-पट्टी निवासी लाल जी पंडित के अतिक्रमण हटाने के लिए दिये गये आवेदन पर पूर्ण रूप से कार्रवाई किये बिना ही त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन उपलब्ध कराया है। इस बात की जानकारी मिलने पर जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

वहीं बनियापुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के विरुद्ध यह जानकारी मिली कि उन्होंने बहुत ही विलम्ब से माया देवी और नेहा कुमारी का राशन कार्ड बना कर निर्गत किया है। जिला पदाधिकारी ने बनियापुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी से गहन समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित