छपरा , मार्च 24 -- बिहार में सारण जिले के जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के कैम्पस में नगर वाटिका बनाने के लिए सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव,सारण प्रमंडल वन पदाधिकारी और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ परमेंदर कुमार बाजपेई ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परीक्षा भवन के समीप तालाब के पास नगर वाटिका का निर्माण प्रस्तावित है।

इस योजना के लिए जिलाधिकारी और वन प्रमंडल पदाधिकारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ परिसर का स्थल निरीक्षण कर योजना को अंतिम रूप देने की दिशा में पहल की।

इस योजना के तहत परिसर में स्थित तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके साथ ही नक्षत्र उद्यान, जेपी स्मृति वाटिका और मियावाकी फॉरेस्ट जैसे आधुनिक हरित मॉडल विकसित किए जाएंगे। इससे शहर में पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। वन विभाग द्वारा इस पूरे प्रोजेक्ट का निर्माण, विकास और रखरखाव किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर के एक हिस्से में विकसित होने वाली यह नगर वाटिका न सिर्फ हरित क्षेत्र को बढ़ाएगी, बल्कि शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का स्थान प्राप्त करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित