वाराणसी , अक्टूबर 24 -- भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने कहा है कि काशी में गंगा के ऊपर हवाई कौशल का प्रदर्शन करना गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के प्रदर्शन से युवा प्रेरित होंगे और भारतीय सशस्त्र बलों को करियर के रूप में चुनने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को प्रदर्शन से पहले उन्होंने कहा कि सारंग दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव के जरिए सटीक हवाई करतब, पेशेवर दक्षता और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रदर्शन करती है। टीम को देश-विदेश में सराहना मिलती है।
स्क्वाड्रन लीडर सिंह ने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल हवाई करतब दिखाना नहीं, बल्कि अपने कौशल और अनुशासन के माध्यम से युवा पीढ़ी को प्रेरित करना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम का प्रदर्शन देखकर युवा भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए आगे आएंगे।
वहीं, सारंग टीम के स्क्वाड्रन लीडर गौतम त्यागी ने काशी में वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर हवाई प्रदर्शन करने को सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर एयर शो देखने और इससे प्रेरणा लेने की अपील की।
स्क्वाड्रन लीडर त्यागी ने कहा कि युवाओं को टीम के प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में मेहनत और अनुशासन को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी पिछले प्रदर्शनों की तरह हवाई करतब दिखाए जा रहे हैं, जबकि रविवार को एयर शो का अंतिम प्रदर्शन होगा।
रविवार को एयर शो देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी नमो घाट पहुंचने का कार्यक्रम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित