सारंगढ़-बिलाईगढ़ , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक कैफे के भीतर शराब सेवन को लेकर विवाद बढ़ने से हंगामे और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के डार्क नाइट कैफे एंड रेस्टो में शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे प्रदीप टंडन नामक व्यक्ति अपने चार साथियों के साथ एक वाहन से पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग कैफे परिसर में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे, जिसका वहां मौजूद अन्य लोगों ने विरोध किया।

विरोध के बाद मामला तेजी से बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान संबंधित व्यक्ति ने अपने भाई के सरपंच होने का हवाला देते हुए लोगों पर दबाव बनाने और डराने का प्रयास भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित