सारंगढ़-बिलाईगढ़ , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रासायनिक खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को भटगांव स्थित विश्वनाथ साहू कृषि केन्द्र का उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिया है, जबकि कोदवा के प्रमोद हार्डवेयर को नोटिस जारी किया है।

उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। साथ ही एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से किसान खाद, बीज एवं कीटनाशक की कालाबाजारी या अधिक मूल्य वसूली की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जिला उर्वरक निरीक्षक दल द्वारा अधिक मात्रा में यूरिया स्टॉक रखने वाले व्यापारियों के यहां औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भटगांव के विश्वनाथ साहू कृषि केन्द्र, पुष्पराज केशरवानी, राहुल हार्डवेयर, प्रमोद हार्डवेयर तथा तेजस्वनी ट्रेडर्स कोदवा सरसीवां की जांच की गई।

भौतिक सत्यापन के दौरान विश्वनाथ साहू कृषि केन्द्र में 190.84 टन यूरिया का अंतर पाया गया, जिसके चलते उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं प्रमोद हार्डवेयर में 55.800 टन यूरिया की कमी पाई गई, जिसके कारण संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

कार्रवाई दल में उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू तथा बीटीएम मयाशंकर जोल्हे शामिल थे।

जिला कृषि विभाग के आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में किसानों को सही और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कालाबाजारी या अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित