सारंगढ़-बिलाईगढ़ , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध चूनापत्थर परिवहन में संलिप्त नौ ट्रैक्टरों को जब्त किया है।

शनिवार को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कटंगपाली मार्ग पर अवैध रूप से चूनापत्थर परिवहन करते हुए 9 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने कटंगपाली, नवघटा, बोनदा और गुड़ेली-टिमरलगा क्षेत्रों का भी दौरा किया, जहां अवैध उत्खनन की गतिविधियां पाई गईं। कार्रवाई के दौरान खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए।

जब्त किए गए ट्रैक्टरों को सरिया पुलिस के सुपुर्द कर खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए चालानी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित