सारंगढ़ , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के माधोपाली में लगातार चार दिनों तक चले व्यापक रेस्क्यू अभियान के बाद नाले में बही कार को बुधवार को बाहर निकाला गया। कार में सवार बड़े घोटला निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सरिता पटेल के शव बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार बीते रविवार को तेज बहाव के दौरान दंपति की कार माधोपाली के नाले में बह गई थी, जिसके बाद दोनों लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगातार तीन दिनों तक चले अभियान में सफलता नहीं मिलने पर पंजाब से विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम बुलाई गई।
संयुक्त रेस्क्यू टीम ने आज करीब सात से आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नाले में कार का पता लगाया और उसे बाहर निकाला। कार के भीतर देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सरिता पटेल के शव मिले, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे। सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने प्रतिदिन घटनास्थल पहुंचकर अभियान की निगरानी की, जबकि बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से अभियान की जानकारी ली। दोनों विधायकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए आसपास के गांवों तथा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। चार दिनों तक चले अभियान के समापन के साथ ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित