रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 20 जुलाई को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार दोपहर 12 बजे से आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि तथा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत करेंगे। विभाग के अनुसार शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना, विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।

समारोह में सांसद विजय बघेल, पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर तथा ग्राम पंचायत जामगांव (एम) की सरपंच तुलसी सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विभाग ने बताया कि राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित