रायपुर , फरवरी 26 -- छत्तरसगढ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कपिल देव का बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और 'पुण्यभूमि छत्तीसगढ़' कॉफी टेबल बुक भेंट कर अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को समान अवसर प्रदान करना है।

पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के वातावरण में प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट मंच प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ेगा ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित