रायपुर , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव तथा खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री खडसे का शॉल, बस्तर आर्ट से निर्मित प्रतिकृति और बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर स्वागत किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बल्कि उन्हें उचित अवसर और मंच देने की आवश्यकता है। राज्य सरकार विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से प्रदेश को नई पहचान मिली है और इन आयोजनों के जरिए अनेक छिपी प्रतिभाएं सामने आई हैं। सरकार इन प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026' की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, जिससे आदिवासी अंचलों के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ खेलों में युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।

'बस्तर पंडुम' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, गायन, वादन, वेशभूषा और व्यंजनों सहित 12 विधाओं में लगभग 54 हजार प्रतिभागियों की भागीदारी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री खडसे 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026' में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण, जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित