रायपुर , फरवरी 21 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अपने 62वें जन्मदिवस को आध्यात्मिक आस्था और सामाजिक संवेदना के साथ मनाते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्री साय ने जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और बाद में बगिया स्थित बालक आश्रम पहुँचकर बच्चों के साथ जन्मदिन का उत्सव साझा किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। उन्होंने मंदिर की परिक्रमा कर प्रदेश में शांति, खुशहाली और निरंतर विकास के लिए विशेष प्रार्थना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जन्मदिवस के अवसर पर श्री साय ने जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच समय बिताया। उनके पहुँचते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और पूरा वातावरण पारिवारिक उत्सव में बदल गया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उन्हें अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाई तथा उनके साथ बैठकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनके सपनों को सुनकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा, "आप सबकी मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करें।"आश्रम परिसर का दृश्य एक पारिवारिक मिलन जैसा प्रतीत हो रहा था। बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी और आत्मीयता ने इस अवसर को यादगार बना दिया। उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के अधिकांश छात्र आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुँचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए प्रेरणा और गर्व का विशेष क्षण बन गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित