रायपुर , जून 06 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत शनिवार को सक्ती जिले के ठठारी तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के निमधा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, जनसमस्याएं सुनीं और विकास कार्यों तथा जनसुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना तथा योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानना है। इसके बाद उन्होंने ठठारी में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा पहुंचे, जहां आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बिजली, पानी, राशन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, निमधा में मिनी स्टेडियम तथा सर्वसमाज के लिए मंगल भवन की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तीनों प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने अधिकारियों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को आमजन तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं लखपति दीदियों से संवाद करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने यह भी घोषणा किया कि प्रदेश में शीघ्र ही सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे तथा उनके समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों की सफलता की कहानियों पर आधारित 'आजीविका गाथा' कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। ग्रामीणों ने स्थानीय उत्पाद भेंट कर उनका स्वागत किया जबकि मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित