रायपुर , मार्च 05 -- छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और लोकतंत्र सेनानी महावीर प्रसाद जैन के निधन पर गुरुवार को गहरा दुःख व्यक्त किया।
श्री साय ने कहा कि महावीर प्रसाद जैन ने अपने जीवन को समाजसेवा, राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित किया। आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए साहसपूर्वक संघर्ष किया और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जैन द्वारा किया गया त्याग और समर्पण लोकतांत्रिक चेतना के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि श्री जैन का जीवन समाज के लिए प्रेरणादायी रहा है। उनका योगदान सदैव स्मरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
गौरतलब है कि श्री जैन ने आज सुबह अपने आवास में अंतिम सांस ली। श्री जैन के निधन से जशपुर जिले ने एक ऐसे सजग समाजसेवी और लोकतंत्र सेनानी को खो दिया है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जनसेवा के लिए समर्पित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित