अंबिकापुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास कर नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और काफी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान श्री साय ने प्रदेशवासियों को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा, "योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त आत्मबल का आधार है। यह हमें जीवन की चुनौतियों का सामना धैर्य, संतुलन और सकारात्मकता के साथ करना सिखाता है।" उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने मुख्यमंत्री के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया और योग को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित