रायपुर , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली महत्वपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनविश्वास और लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने एक्स पर जारी संदेश में इन राज्यों की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह परिणाम जागरूक और विकासोन्मुख मतदाताओं के समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश सुशासन, विकास और राष्ट्रहित की नीतियों के प्रति जनता की आस्था को स्पष्ट करता है।

श्री साय ने कहा कि असम और पुडुचेरी में दोबारा समर्थन मिलना तथा पश्चिम बंगाल में मिली उल्लेखनीय सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों पर भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने इसे ''विकसित भारत'' के लक्ष्य की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह परिणाम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति के खिलाफ जनता के रुख को दर्शाता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन को दिया।

श्री साय ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भविष्य में और बेहतर जनसेवा के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित