जशपुर , फरवरी 05 -- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को एक सार्वजनिक पर्यटन स्थल पर आम नागरिक की तरह व्यवहार करते हुए नियमों के पालन का अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने दस रुपये का प्रवेश टिकट लेकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और वहां साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैंप में चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का औपचारिक शुभारंभ भी किया। उन्होंने स्वयं स्पोर्ट्स मोटर बाइक (एटीवी) चलाई, बैलून शूटिंग में निशाना साधा, आर्चरी में तीर चलाया और माउंटेन साइकिल चलाकर माउंटेन साइक्लिंग गतिविधि की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का उद्घाटन किया, जहां वॉल क्लाइंबर तेज सिंह एवं तेजल भगत ने अपना कौशल दिखाया। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट खेलते भी नजर आए।

मुख्यमंत्री साय ने कैंप में विकसित अधोसंरचना और सुरक्षा व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रकृति-आधारित पर्यटन एवं साहसिक गतिविधियां न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित करती हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित