रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा की प्रतिभाशाली पर्वतारोही अमिता श्रीवास एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं। वह नौ अप्रैल को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना होंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अमिता श्रीवास से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके साहस व संकल्प की सराहना की।
श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अमिता का यह अभियान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।"मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि अमिता श्रीवास का आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण प्रदेश की हर बेटी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की बेटियां हर चुनौती को पार कर नई ऊंचाइयों को छूने का हौसला रखती हैं।
उल्लेखनीय है कि अमिता इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर देश और प्रदेश का मान बढ़ा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने अमिता को उनके इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह साहसिक प्रयास देश का गौरव और ऊंचा करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित