रायपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केरल के कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी एम.वी. गोपाकुमार के नामांकन में आज अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि केरल की जागरूक जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार दिखाई दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित सुशासन, पारदर्शिता और विकास के मॉडल ने राज्य में भी मजबूत आधार बनाया है।
उन्होंने कहा कि चेंगन्नूर सहित पूरे केरल में भाजपा के प्रति जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है, जो आगामी विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक परिणामों का संकेत देता है।
श्री साय ने ''सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास'' के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी संगठन राज्य में तेजी से सशक्त हो रहा है और कार्यकर्ताओं का समर्पण तथा जनता का विश्वास मिलकर नए युग की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि चेंगन्नूर से भाजपा प्रत्याशी एम.वी. गोपाकुमार विजयी होंगे और केरल में भाजपा एक नए राजनीतिक परिवर्तन की कहानी लिखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित