रायपुर , जनवरी 22 -- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में गुरुवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में शिक्षकों की कमी को गंभीरता से लेते हुए 5000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया व्यापमं के माध्यम से की जाएगी तथा इसके लिए फरवरी 2026 तक विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।
बैठक में शिक्षक भर्ती परीक्षा-2023 से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि परीक्षा-2023 की प्रतीक्षा सूची की मान्यता नहीं बढ़ाई जाएगी, जिससे पूर्व वर्षों में उत्तीर्ण युवाओं को भी शासकीय सेवा में अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में सभी आवश्यक निर्णय तेजी से लागू किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित