जशपुर, मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र में युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने सायबर ट्रैकिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में जाकर गिरफ्तार किया। पीड़िता की लिखित शिकायत पर बगीचा थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार था।

पुलिस ने मंगलवार को बताया- आरोपी राकेश विश्वकर्मा (27), पिता हृदय सिंह विश्वकर्मा, निवासी थाना बाराबनी, जिला पश्चिम वर्धमान (पश्चिम बंगाल) के खिलाफ बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 24/26 दर्ज किया गया था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 64(2)(एम) के तहत मामला पंजीबद्ध है।

पुलिस से मिली जानकारी के ही मुताबिक, एक युवती ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद बगीचा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सायबर सेल की मदद ली और आरोपी की लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। जशपुर साइबर टीम की तकनीकी सहायता से आरोपी के पश्चिम बंगाल में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बगीचा थाना से एएसआई नरेश मिंज और आरक्षक विनोद यादव की टीम पश्चिम बंगाल रवाना हुई। टीम ने स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की और उसे हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित