दरभंगा , जुलाई 29 -- िला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की सामुदायिक मध्यस्थता योजना के तहत बुधवार को सदर प्रखंड के रानीपुर गांव में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित अभियान का नेतृत्व सचिव आरती कुमारी ने किया। रानीपुर गांव में आयोजित जन-जागरूकता अभियान में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सचिव आरती कुमारी ने कहा कि आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से गांवों के छोटे-छोटे विवाद स्थानीय स्तर पर सुलझाए जा सकते हैं, जिससे मुकदमेबाजी कम होगी और सामाजिक सौहार्द मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रकृति के मामलों को संबंधित सक्षम न्यायिक मंच पर भेजा जाएगा तथा पात्र पक्षकारों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नालसा की इस योजना का उद्देश्य सहमति आधारित समाधान के जरिए गांवों को विवादमुक्त बनाना है।

आरती कुमारी ने जिले के चयनित पांच गांवों में चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की। प्रशिक्षित सामुदायिक मध्यस्थों ने भी मुकदमेबाजी मुक्त गांव बनाने के लिए मध्यस्थता प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान किया।

अभियान में रानीपुर पंचायत के मुखिया राजकुमार दास, सरपंच बालेश्वर दास, न्यायमित्र आभा कुमारी, अधिवक्ता कुमार गौतम, रंजीत कुमार यादव, पिंकी देवी, अशोक कुमार यादव, विभा देवी, कंचन कुमारी, संजू देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित