यमुनानगर , सितंबर 28 -- हरियाणा के यमुनानगर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को हुडा सेक्टर-17 स्थित सामुदायिक केंद्र परिसर और आसपास के क्षेत्र में अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग दो टन कचरा साफ किया गया।
मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर चलाए गए अभियान में नगर निगम की सफाई टीम ने सामुदायिक केंद्र परिसर में उगी घास-फूस और झाड़ियों की सफाई की। परिसर एवं आसपास पड़े कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया और सार्वजनिक स्थल के विभिन्न हिस्सों को व्यवस्थित किया गया।
अभियान में नगर निगम सफाई निरीक्षक पंकज कुमार, सफाई दरोगा सागर, स्वच्छ भारत मिशन टीम के गगन बेनीवाल सहित निगम कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने आसपास के नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालने और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।
मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने में नगर निगम का सहयोग करें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित