श्रीगंगानगर , मई 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पंजाब सीमा से लगते गांव साधुवाली के नजदीक एक ट्रांसपोर्ट कंपनी की पिकअप गाड़ी को सामान सहित गंगनहर में गिराने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सुविधा गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक सुरेंद्र गर्ग ने बताया है कि उसकी ट्रांसपोर्ट कंपनी से सुखविंदरसिंह को गुरुवार रात लगभग साढ़े 10 बजे एक पिकअप वाहन में सामान भरकर पंजाब भेजा था। वह अबोहर मार्ग पर साधुवाली के निकट पहुंचा था कि तीन व्यक्तियों ने उसकी पिकअप गाड़ी को रुकवा लिया। गाड़ी रोकने वालों ने चालक सुखविंदरसिंह से मारपीट की। साथ ही उन्होंने पिकअप को गंगनहर में गिरा दिया, जिससे पिकअप में लोड किया हुआ सामान का नुकसान हो गया। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वारदात करने वालों में से एक की पहचान स्थानीय अशोकनगर में स्थित कर्मचारी कॉलोनी निवासी एक युवक के रूप में हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित