नयी दिल्ली , मार्च 27 -- दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एलपीजी की उपलब्धता से जुड़ी अफवाहों को बेबुनियाद बताते हुए शुक्रवार को कहा कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार बुकिंग सामान्य तरीके से हो रही है।
श्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली के उद्योग और खाने-पीने से जुड़े व्यवसाय अब बिना किसी रुकावट के काम कर सकते हैं। कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को सत्तर प्रतिशत आपूर्ति तक पहुंचना केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि लगातार निगरानी में यह पाया गया है कि कहीं भी जमाखोरी या पैनिक की स्थिति नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार बुकिंग सामान्य तरीके से हो रही है। दिल्ली सरकार निष्पक्ष वितरण के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं से अपील है कि समय पर बुकिंग करें और जहां संभव हो, पीएनजी के लिए आवेदन करें।
उन्होंने कहा , "हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार करते हैं जिनके नेतृत्व में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एलपीजी की उपलब्धता से जुड़ी अफवाहें पूरी तरह बेबुनियाद हैं।"केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी आवंटन में संशोधन करते हुए कल के 50 प्रतिशत फैसले के अतिरिक्त 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इससे अब कुल आपूर्ति पहले के स्तर के 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी और मजदूरों व छात्रों के लिए 5 किलो सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था करने के बाद, श्रम आधारित उद्योगों जैसे स्टील, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल (ड्राई क्लीनिंग सहित), केमिकल, प्लास्टिक, स्पोर्ट्स फैसिलिटी, ग्लास और फार्मा यूनिट्स, के लिए आपूर्ति बढ़ाकर 1,800 सिलेंडर कर दी गई है। खासतौर पर उन उद्योगों को प्राथमिकता दी गई है जहां पीएनजी का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित