भोपाल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने कहा है कि आगामी सामान्य चुनावों के मद्देनजर मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य में स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा से शिष्टाचार भेंट कर दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान संचालित मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट उन्हें सौंपी।

बैठक में श्री झा ने लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका पर बल देते हुए प्रदेश में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भावी कार्ययोजना और नवाचारों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आगामी सामान्य चुनावों के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक व्यावहारिक, रोचक और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों, युवाओं और महिला मतदाताओं तक सीधे संवाद के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।

स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने कहा कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में कठपुतली शो, नुक्कड़ नाटक तथा विज्ञान और कला आधारित गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित