दरभंगा , फरवरी 15 -- केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि प्रदेश में सामाजिक सदभाव बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितने ही बड़े रसूखदार या प्रशासनिक पदाधिकारी हों। श्री पासवान ने दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर में इस महीने एक फरवरी को हुई जातीय हिंसा में घायल अनुसूचित जाति समुदाय के इलाजरत घायलों से दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिस तरह से इस इलाके में सामाजिक सदभाव को बिगाड़ने की सोच के साथ असामाजिक तत्वों ने कुछ परिवारों, खासकर पासवान समाज के लोगों के साथ मारपीट की है, वह दर्शाता है कि ऐसे लोग हैं समाज में तनाव पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व चाहते हैं कि हमारा प्रदेश जाति के आधार पर बटे, समाज में एकजूटता की भावना समाप्त हो । उन्होंने कहा कि कुछ मुट्ठी भर लोग समाज को जात-पात के आधार पर बांट कर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नही किया जाएगा।

श्री पासवान ने कहा कि हमारे देश का संविधान देश के हर एक नागरिक को बराबरी का हक देता है और उस हक को यदि असामाजिक तत्व छीनने की कोशिश करेंगे तो उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग के अध्यक्ष मृणाल स्वयं यहां आकर पीड़ितों से मिले हैं, उसके बाद उनकी पार्टी के बिहार सरकार में मंत्री संजय पासवान भी यहां पर आए थे। उन्होंने कहा जो भी दोषी है उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं इस मामले में कोई प्रशासनिक अधिकारी यदि अपराधियों का संरक्षण करेगा, उस पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ा से बड़ा रसूख वाला भी कानून कानून की नजर में एक समान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित