पटना , अक्टूबर 08 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और कहा कि सामाजिक न्याय तथा वंचितों के अधिकारों के लिए उनका समर्पण एवं संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा।
श्री चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक श्रद्धेय रामविलास पासवान जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन।" उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और वंचितों के अधिकारों के लिए श्री पासवान का समर्पण एवं संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा।
उल्लेखनीय है कि रामविलास पासवान का जन्म पांच जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव में हुआ था। उन्होंने 1969 में बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और 1977 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। हाजीपुर से उन्होंने रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज करने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
श्री पासवान ने वर्ष 2000 में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की स्थापना की और लंबे समय तक पार्टी का नेतृत्व किया। उन्हें विभिन्न प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व वाली केंद्र सरकारों में रेल, संचार, कोयला एवं खान, इस्पात तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण समेत कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी सम्हालने का अवसर मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित