जालौन , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार को सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने उरई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।

जिलाध्यक्ष नीरज कुमार गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम 24 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं तथा अन्य वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, न्यायपालिका और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उचित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई। आरक्षण का प्रभावी पालन कराने, रिक्त आरक्षित पदों और बैकलॉग को शीघ्र भरने पर भी जोर दिया गया।

पार्टी ने महिला आरक्षण में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी तथा दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए कोटे के भीतर कोटा सुनिश्चित करने की मांग रखी। स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने और विशेष कंपोनेंट प्लान के बजट से निर्मित जालौन समेत चार मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए आरक्षण व्यवस्था पुनः लागू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में ओबीसी को संसद और विधानमंडलों में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व, जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम, उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रतिनिधित्व तथा न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए उच्च न्यायिक आयोग के गठन की मांग शामिल रही।

इसके अलावा ओबीसी क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा, पदोन्नति में आरक्षण, बैकलॉग पद भरने, निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व, सरकारी ठेकों में आरक्षण और सफाईकर्मियों की स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई गई। सीवर-सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश रोकने तथा सफाईकर्मी की मृत्यु पर परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी गई। प्रदर्शन में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित