पटना , मई 27 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सामाजिक न्याय एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण आधारित दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक थे।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आज पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के अध्यक्षता में कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू का जीवन ही वैश्विक आदर्श है। सामाजिक न्याय एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण आधारित दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक के रूप में पंडित नेहरू को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत की जिस मजबूत नींव को स्थापित किया और एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण एवं प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया, वो हम सब के लिए प्रेरणादायक है। स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित नेहरू का दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा देश को उन्नति के मार्ग पर प्रशस्त करता है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की सामूहिक चेतना को प्रेरित किया और समावेशी एवं प्रगतिशील राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
इस मौके पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, कुमार आशीष, डा. संजय यादव, करूणा सागर, चन्द्रप्रकाश सिंह, स्नेहाशीष वर्द्धन पाण्डेय, वैद्यनाथ शर्मा, मनोज शर्मा, कमलदेव नारायण शुक्ला, सहित अन्य नेताओं ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित