‎पटना , अप्रैल 11 -- बिहार के उपमुख्यंमत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और नारी शिक्षा के महान अग्रदूत ज्योतिबा फुले ने समाज में जागरूकता और अधिकारों की अलख जगाई।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आज महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई गई। उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

‎ श्री सिन्हा ने ‎इस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और नारी शिक्षा के महान अग्रदूत फुले जी ने समाज में जागरूकता और अधिकारों की अलख जगाई। उनके विचार आज भी हमें एक समतामूलक, शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।‎उन्होंने कहा कि हम सभी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले महान समाज सुधारक थे और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

‎ उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने महात्मा ज्योतिबा फुले को सामाजिक परिवर्तन का अगुआ बताते हुए कहा कि उन्होंने दलितों और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लिए शिक्षा प्रदान किए जाने के लिए अभियान चलाया। ज्योतिबा फूले भारतीय समाज में प्रचलित जाति व्यवस्था के घोर विरोधी थे। उन्होंने बाल विवाह का विरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित