बैतूल , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सहयोग से संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का आज जिले के सभी विकासखंडों में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रमों में बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्ल्यू), मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) के विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान नवीन विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, चिचोली, भीमपुर, प्रभातपट्टन, मुलताई, आमला, भैंसदेही और बैतूल विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित विकासखंड समन्वयक एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की जानकारी दी।

जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत ने बताया कि पाठ्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य समाज में प्रभावी भूमिका निभाने वाले सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है। इसके तहत सामाजिक कार्यकर्ताओं को नशामुक्त समाज, विवादमुक्त ग्राम, जलयुक्त ग्राम और स्वच्छ ग्राम के निर्माण के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पौधरोपण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों को कार्य करने के लिए तैयार किया जाएगा। पाठ्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने और समाज के विकास में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सभी नवीन विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित